
उदित वाणी आदित्यपुर (का.प्र.)ः जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने उद्यमियों से अपने कर्मचारियों का सवैतनिक शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित कराने की अपील की है. साथ हीं उद्यमियों से भी शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की. श्री शुक्ला आज मतदाता जागरुकता अभियान के तहत आदित्यपुर ऑटो कलस्टर के सभागार में आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान सभी लोगों को अपने मताधिकार का उपयोग करने की शपथ भी दिलाई गई. उन्होंने सभी उद्यमियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की भी बात कही, जिसके माध्यम से उद्यमी अपनी समस्याओं का उल्लेख करते हुए सुझाव भी दे सकें. उन्होंने बताया कि बाहर से आकर यहाँ आकर रहने वाले वैसे कर्मचारी, जो कि मतदान करने के लिए इच्छुक हैं, वे फॉर्म-6 भरकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं.इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक आलोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सुधीर कुमार प्रजापति, अपर उपायुक्त गौतम प्रसाद साहू, आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के अध्यक्ष इन्दर अग्रवाल, महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, राजीव रंजन मुन्ना, दशरथ उपाध्याय, संजय शर्मा, संतोख सिंह, उदय सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे

