
उदित वाणी, जमशेदपुर : सामाजिक संस्था जन सत्याग्रह ने आज जमशेदपुर के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को एक मांग पत्र देकर शहर में नो एंट्री के दौरान भी चल रहीं भारी वाहनों—बल्कर, ट्रिप ट्रेलर और हाइवा— पर कानून सम्मत कार्रवाई करने की मांग की। संस्था ने साकची के व्यस्त गोलचक्कर, बर्मामाइंस की ट्यूब कंपनी से केबुल कंपनी तक मेन रोड और अन्य इलाकों में रोजाना अवैध पार्किंग और ट्रैफिक नियमों के खुलेआम उल्लंघन पर चिंता जताई।
जन सत्याग्रह के अध्यक्ष मंजीत कुमार मिश्रा ने ज्ञापन में लिखा है कि कभी-कभी प्रशासन कार्रवाई करता है, लेकिन कुछ दिनों बाद यह बंद हो जाती है। उन्होंने मांग रखी कि ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करनेवाले भारी वाहनों और अवैध पार्किंग पर नियमित सख्त कार्रवाई हो, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुधरे।
संस्था का कहना है कि हाल के दिनों में दोपहिया वाहनों की सख्त जांच होती है, लेकिन भारी वाहनों पर ऐसी सख्ती नहीं दिखती। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि नो इंट्री का उल्लंघन करने वाली बल्कर, हाइवा और ट्रिप ट्रेलर जैसी भारी वाहनों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही, अवैध पार्किंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी नियमित और कठोर कदम उठाए जाएं। संस्था का मानना है कि इन कदमों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

