
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में बुधवार को ट्रैफिक पुलिस और मजदूरों के बीच विवाद ने तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। रोजगार के लिए निकले मजदूरों से भरी एक पिकअप वैन को पारडीह चेकपोस्ट पर पुलिस ने रोक लिया और वाहन के कागजात मांगे। कागजात न दिखाने पर चालक से कथित तौर पर मारपीट की गई। घटना से नाराज मजदूरों ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया और जाम लगा दिया।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस रोजाना कागजात और ओवरलोडिंग के नाम पर उन्हें परेशान करती है। उनका कहना था कि वे चांडिल से बावनगोड़ा काम पर जा रहे थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के कारण हर दिन उनका काम छूट जाता है और जुर्माना भरना पड़ता है।
मजदूरों ने साफ कहा कि जब तक उनकी हाजिरी दर्ज नहीं की जाएगी, वे सड़क से नहीं हटेंगे। दूसरी ओर, पुलिस ने इस पूरे मामले पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। खबर लिखे जाने तक मजदूरों का प्रदर्शन जारी था और मानगो–पारडीह मार्ग पर भारी जाम लगा हुआ था।

