
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में सोमवार दोपहर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय प्रिंस कुमार सिंह, पिता सुरेश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर में जब प्रिंस के कमरे का दरवाजा देर तक नहीं खुला, तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। प्रिंस का शव फंदे से लटका हुआ था। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक के पिता सुरेश सिंह ने बताया कि करीब एक साल पहले प्रिंस ने एक शादीशुदा महिला से प्रेम विवाह किया था, जिसकी तीन संतानें हैं। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले उसकी पत्नी पंजाब चली गई थी। पत्नी के दूर चले जाने के बाद से ही प्रिंस तनाव में रहने लगा था।
साथ ही वह पिछले कुछ महीनों से आर्थिक तंगी का भी सामना कर रहा था। पिता का कहना है कि इन दोनों कारणों से प्रिंस मानसिक रूप से परेशान था और इसी अवसाद में उसने आत्महत्या कर ली।
सूचना पाकर कदमा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा मोबाइल जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है और परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।

