उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटे बाकी डैम में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें सागर मुर्मू (30) नामक मजदूर की डूबने से मौत हो गई। सागर अपने दो दोस्तों के साथ नहाने डैम गया था। घटना की जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे सागर नहाने के लिए डैम पहुंचा था। अचानक उसके पाई फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। यह हादसा लगभग सुबह 9 बजे घटित हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सागर मुर्मू घोड़ाबांधा क्षेत्र का निवासी था। वह मजदूरी का काम करता था और अपने परिवार का छोटा बेटा था। घटना के समय उसके दो दोस्त भी साथ थे, जिन्होंने सागर को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। डूबने की स्थिति को देखकर आसपास के लोग व सूचना पाकर एमजीएम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने गंभीर स्थिति में सागर को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। परिजन सागर के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिए। उन्होंने शव का तुरंत अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। डैम में नहाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के अभाव की भी जांच की जा रही है। साथ ही, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डैम और अन्य खुले जल स्रोतों में नहाने से बचें, क्योंकि यह खतरनाक हो सकता है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा शोक है। सागर मुर्मू की आकस्मिक मौत से इलाके में मातम छा गया है। प्रशासनिक अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। मामले की आगे की छानबीन जारी है।


