
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटाबांकी डैम के पास बुधवार को खरंगाझार के प्रसिद्ध मोबाइल दुकानदार रॉनी ने आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल से रॉनी की स्कूटी बरामद की। उसकी जेब से सल्फास की गोली भी मिली। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रॉनी के मोबाइल में अंतिम व्हाट्सएप स्टेटस “अलविदा” लिखा हुआ मिला, जिससे घटना की पुष्टि होती है। बताया जा रहा है कि रॉनी पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक तनाव में था। पड़ोसी रतन महतो ने बताया कि रॉनी मंगलवार दोपहर करीब 2.30 बजे घर से दुकान के लिए निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक किया तो वह छोटाबांकी डैम के पास मिला। वहां पहुंचने पर परिवार को रॉनी का शव मिला।
सूचना पर पहले बिरसानगर थाना को जानकारी दी गयी, लेकिन क्षेत्राधिकार एमजीएम थाना में होने के कारण मामला वहीं से दर्ज हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। मृतक के परिजनों के अनुसार, रॉनी का एक बेटा है और वह हाल के दिनों में गहरे तनाव से गुजर रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना से खरंगाझार और आसपास के इलाके में शोक की लहर है।

