
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने विशेष ‘समकालीन अभियान’ चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने पिछले पांच वर्षों में आर्म्स एक्ट के मामलों में संलिप्त आरोपियों तथा जेल से बेल पर छूटे अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया।
पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर के सभी थाना क्षेत्रों में जाकर अपराधियों के गतिविधियों और निवास स्थानों की जांच की। इस दौरान कुल 312 अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया गया। इनमें ऐसे लोग शामिल थे जो पूर्व में कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं या फिर न्यायिक प्रक्रिया से गुजर चुके हैं।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि इस सत्यापन अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखना है, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले रोका जा सके। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने अब तक 55 वारंटियों को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग मामलों में वांछित थे।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम रहे।

