
उदित वाणी, जमशेदपुर : नागरिक समन्वय समिति, आदित्यपुर मंडल के अध्यक्ष निरंजन मिश्रा ने बिहार जाने वाली छह ट्रेनों का आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने की पुनः मांग की है. संबंधित ट्रेनों में साऊथ बिहार एक्सप्रेस, टाटा_बक्सर एक्सप्रेस, टाटा_थावे एक्सप्रेस, टाटा_गोड्डा एक्सप्रेस, टाटा_कटिहार एक्सप्रेस और टाटा_जयनगर एक्सप्रेस शामिल है. इस संबंध में श्री मिश्रा के द्वारा चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम को पुनः पत्र भेजा गया है. उल्लेखनीय है कि कि कोविड-19 महामारी से पहले आदित्यपुर स्टेशन पर बिहार जाने वाली कई एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव होता था. लेकिन महामारी के दौरान यह ठहराव बंद कर दिया गया और अब_तक इसे पुनः बहाल नहीं किया गया है. स्थानीय लोग संबंधित एक्सप्रेस ट्रेनों का आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर तत्काल ठहराव बहाल करने की मांग कर रहे हैं. श्री मिश्र ने बताया कि आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्रों में बिहार से जुड़े लोगों की भारी संख्या निवास करती है. वर्तमान में यात्रियों को इन ट्रेनों को पकड़ने के लिए लगभग 8–10 किलोमीटर की दूरी तय करके टाटानगर जंक्शन जाना पड़ता है. इससे न केवल यात्रियों को असुविधा होती है, बल्कि टाटानगर स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ भी बढ़ती है. उन्होंने यह भी बताया कि आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पहले से हीं रेलवे को अच्छा-खासा राजस्व देता है और यहां ट्रेनों का ठहराव पुनः बहाल होने से यह राजस्व और अधिक बढ़ेगा. इस संबंध में श्री मिश्रा द्वारा पूर्व में भी एक पत्र डीआरएम को भेजा गया था. उक्त पत्र के आलोक में चक्रधरपुर मंडल प्रशासन ने सूचित किया था कि आपके द्वारा आदित्यपुर स्टेशन पर बिहारगामी ट्रेनों के ठहराव की मांग को मुख्यालय को अग्रेषित कर दिया गया है.

