
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने सोमवार को एमजीएम अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक की। इस बैठक में अस्पताल की समस्याओं और रिहायशी इलाकों के लोगों की परेशानियों पर चर्चा की गई।
बैठक में यह तय हुआ कि रिहायशी इलाकों और एमजीएम के बीच की बाउंड्री को बिल्कुल फ्री छोड़ा जाए और उसके किनारे-किनारे पेड़ लगाए जाएं। अस्पताल का मेडिकल वेस्ट रिहायशी इलाकों में नहीं फेंका जाए और इसके लिए अस्पताल परिसर में ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। दुर्गंध दूर करने की व्यवस्था की जाएगी।
विधायक सरयू राय ने आईसीयू निर्माण का भी मामला उठाया। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में एक आईसीयू का निर्माण हो रहा है, लेकिन इस संस्था ने वहां गंदगी फैला रखी है और नाले के ऊपर अस्थायी शौचालय बना दिया है। उन्होंने कहा कि उसका काम तब तक रोकें, जब तक वह चीजों को ठीक नहीं करता है।
बैठक में मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक आरके मंधान, उपाधीक्षक नकुल चौधरी, प्रिंसिपल दिवाकर हांसदा, डॉ. मांझी आदि मौजूद रहे।

