
उदित वाणी, जमशेदपुर : शुक्रवार की दोपहर कदमा थाना क्षेत्र स्थित रैंकिणी मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को गंभीर हालत में उठाकर टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मृत युवक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आसपास के थानों को इसकी जानकारी दे दी गई है ताकि पहचान में मदद मिल सके। वहीं, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में आए दिन तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से खतरा बना रहता है, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के ठोस इंतजाम नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि फरार वाहन और उसके चालक का पता जल्द ही लगा लिया जाएगा।

