
उदित वाणी, जमशेदपुर : नए वर्ष के जश्न पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में बुधवार को साकची क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान साकची और बिस्टुपुर थाना प्रभारी, सीसीआर, ट्रैफिक डीएसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. फ्लैग मार्च दल साकची बाजार से निकलकर बिस्टुपुर होते हुए जुबली पार्क पहुंचा, जहां अधिकारियों ने पार्क परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि 31 दिसंबर और 1 जनवरी को शहर में उमंग और उल्लास के बीच किसी भी तरह की कानून व्यवस्था संबंधी समस्या न आए, इसके लिए पुलिस पूरी तैयारी में है. उन्होंने बताया कि विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च के साथ-साथ 31 दिसंबर की शाम से रात भर और 1 जनवरी को शहर के 32 चेक पॉइंट्स पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा. इसमें रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, नियम तोड़ने और सड़क पर हुड़दंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि जुबली पार्क, डिमना लेक, दलमा, टाटा स्टील जू समेत अन्य पिकनिक स्पॉट्स पर भी पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी. संबंधित क्षेत्रों के डीवाईएसपी निगरानी करेंगे और सिविल ड्रेस में पुलिस कर्मी भी मौजूद रहेंगे, ताकि किसी प्रकार की छेड़खानी, अवैध शराब के सेवन या अनुशासनहीनता को रोका जा सके.
सिटी एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य किसी के उत्सव को बाधित करना नहीं है, बल्कि हर नागरिक को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि लोग बिना किसी भय के नए वर्ष का स्वागत कर सकें. साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस को सहयोग दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दें, ताकि शहर में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे.

