
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम में शुक्रवार को नई प्रशासनिक पारी की शुरुआत होने जा रही है। मेयर सुधा गुप्ता दोपहर 12:05 बजे निगम का औपचारिक रूप से प्रभार ग्रहण करेंगी। इस मौके पर उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार उन्हें निगम के संसाधनों, कार्यप्रणाली और चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही निगम के पदाधिकारियों से उनका परिचय भी कराया जाएगा।
प्रभार ग्रहण के बाद मेयर और वार्ड पार्षदों की पहली बैठक की तारीख भी तय की जाएगी। गुरुवार को मानगो गांधी मैदान स्थित निगम कार्यालय में इस कार्यक्रम को लेकर दिनभर हलचल रही। कर्मचारी तैयारियों में व्यस्त दिखे और हर व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे रहे। कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर तीन केबिन—नगर आयुक्त कक्ष, अभियंता कक्ष और पांच नंबर केबिन—को खाली कराया गया है। वहीं ऊपरी मंजिल पर स्थित जन्म-मृत्यु निबंधन कक्ष को भी शिफ्ट कर दिया गया है।
अब इस सेवा से जुड़े सभी आवेदन पुराने भवन में ही लिए जा रहे हैं, जिसकी शुरुआत बुधवार से हो चुकी है। नगर निगम के मौजूदा भवन की सीमित जगह लंबे समय से प्रशासनिक कामकाज में बाधा बन रही है। मेयर, डिप्टी मेयर और अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण परेशानी महसूस की जा रही थी। इस समस्या के समाधान के लिए एक साल पहले ही पुराने भवन को तोड़कर 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में जी+4 अत्याधुनिक भवन निर्माण की योजना (डीपीआर) तैयार की गई थी, लेकिन अब तक उस पर काम शुरू नहीं हो सका है। हालांकि अब उसी योजना के आधार पर जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने की चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल, 34 वार्ड पार्षदों के साथ बैठकों के लिए पुराने भवन को ही अस्थायी रूप से चुना गया है, जहां बैठकर विकास योजनाओं और शहर के मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

