
उदित वाणी जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह में निर्माणाधीन फ्लाइओवर परियोजना से लोहे, शटरिंग प्लेट और पाइप की चोरी का मामला सामने आया है। हैरत की बात यह है कि चोरी की यह वारदात एक ही रात में नहीं, बल्कि 26 फरवरी से 3 मार्च तक अलग-अलग समय पर होती रही, लेकिन इसकी भनक न तो साइट प्रबंधन को लगी और न ही पुलिस को।
इस मामले में बोड़ाम थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता निखलेश प्रताप हैं, जो मिर्जाडीह के निवासी हैं। उनका मूल निवास उत्तर प्रदेश के सिरसा टिप्पू अलीगंज में बताया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मिर्जाडीह में चल रहे फ्लाइओवर निर्माण कार्य के तहत एचजी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड (कैंप-3) की साइट से भारी मात्रा में निर्माण सामग्री गायब पाई गई।
निखलेश प्रताप के अनुसार 26 फरवरी की रात करीब 11 बजे से लेकर 3 मार्च की दोपहर 2 बजकर 38 मिनट तक अलग-अलग समय पर चोर लोहे के सरिए, शटरिंग प्लेट और पाइप चोरी कर ले गए। इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
