
उदित वाणी, जमशेदपुर: आगामी जूनियर स्टेट झारखंड बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए जमशेदपुर टीम के चयन हेतु 1 मार्च को ट्रायल का आयोजन किया गया. यह चयन ट्रायल सुबह 8:00 बजे केपीएस कदमा परिसर में संपन्न हुआ. ट्रायल में 90 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
29 मार्च से साहेबगंज में होगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
जूनियर स्टेट झारखंड बास्केटबॉल चैंपियनशिप 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक साहेबगंज में आयोजित की जाएगी. ट्रायल में शामिल प्रतिभागियों में से बालक और बालिका वर्ग में 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.
चयन प्रक्रिया की देखरेख में अनुभवी टीम
चयन प्रक्रिया का संचालन मोहम्मद आरिफ आफताब, जलाल शेख, अज़हर खान और सुप्रिया करण की देखरेख में किया गया. ट्रायल को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शबानुल हक, अमित कुमार शर्मा, अंजलि, विशाल, दीपक और अरहान भी उपस्थित रहे. सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
भारतीय टीम के कोच जेपी सिंह का मार्गदर्शन
ट्रायल के दौरान भारतीय टीम के कोच जेपी सिंह भी उपस्थित रहे. उन्होंने खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के मूल कौशलों का प्रदर्शन कर मार्गदर्शन दिया तथा आगामी चैंपियनशिप की तैयारी के लिए प्रभावी प्रशिक्षण तकनीकों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए.

