उदित वाणी जमशेदपुर : साइबर ठगी के मामलों में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है। टेल्को रिवर व्यू कॉलोनी निवासी श्यामवीर सिंह के खाते से हुई 8.34 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान मोबाइल नंबर को आधार बनाकर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें दबोच लिया। फिलहाल दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे इस साइबर गिरोह के और भी सदस्यों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर की गई, इसका भी बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। संदिग्ध खातों का पूरा डाटा खंगाला जा रहा है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
इधर, मानगो पारडीह स्थित महल रेसिडेंसी निवासी इश्तियाक अहमद भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आए। ठगों ने बैंक पिन बदलने का झांसा देकर उनके खाते से 2.83 लाख रुपये उड़ा लिए। इस मामले को भी साइबर थाना पुलिस गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है।
साइबर थाना पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के बाद कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। साथ ही, आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अंजान कॉल या लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।


