
उदित वाणी, जमशेदपुर : पुलिस को मंगलवार को बड़ी कामयाबी हाथ लगी, जब कदमा थाना क्षेत्र के उलियान टीओपी मैदान से भानू मांझी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को हथियार सहित गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अपराधी की पहचान मनीष सिंह (20) के रूप में हुई है, जो कदमा भाटिया बस्ती का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी लोडेड सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं।
इस संबंध में एसएसपी पीयूष पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार आरोपी भानू मांझी गिरोह का सदस्य है, जो गिरोह सरगना भानू मांझी के साथ मिलकर शहर में हथियार के बल पर लोगों को धमकाकर रंगदारी वसूलने का काम करता था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष सिंह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में उलियान टीओपी मैदान के आसपास घूम रहा है।
सूचना के आधार पर कदमा थाना पुलिस और उलियान टीओपी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मौके से धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों और हालिया आपराधिक गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
घटना 6 अक्टूबर की बताई गई है। पूछताछ पूरी होने के बाद मनीष सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि शहर में गिरोहनुमा गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।

