उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा निवासी रेखा सिंह ने बिल्डर भाइयों रोहित अग्रवाल और राहुल अग्रवाल पर फ्लैट दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी जमशेदपुर को लिखित शिकायत देकर न्याय व सुरक्षा की गुहार लगाई है।
रेखा सिंह ने बताया कि जुलाई 2024 में उन्होंने कदमा स्थित कामधेनू अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या 1/9 खरीदने के लिए बिल्डर भाइयों को पांच लाख रुपये अग्रिम भुगतान किया था। यह राशि चेक और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन दोनों माध्यम से दी गई। इसके बावजूद बिल्डर ने न तो कोई रसीद दी और न ही फ्लैट में मौजूद खामियां दूर कीं। उल्टा, बिल्डर ने लगातार बहाने बनाकर फ्लैट किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया।
जब रेखा सिंह ने भुगतान की रकम वापस मांगी, तो बिल्डर ने केनरा बैंक का पांच लाख रुपये का चेक दिया, जो खाते के ब्लॉक होने के कारण दो बार बाउंस हो गया। इसके बाद भी जब पति धनंजय सिंह ने पैसे लौटाने की मांग की, तो बिल्डर ने धमकी दी और कहा, “हमने तुमसे पांच लाख लिए हैं, चाहे तो रिकॉर्ड कर लो। कोर्ट में घसीटकर 20 लाख खर्च करवा देंगे, लेकिन एक पैसा नहीं लौटाएंगे। प्रशासन या नेता हमें नहीं छू सकता।”
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने वकील के माध्यम से दो कानूनी नोटिस भेजे, लेकिन बिल्डर ने लेने से इंकार कर दिया। फरवरी 2025 में कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
रेखा सिंह ने बताया कि बेटी की शादी होने वाली है और पैसों की सख्त जरूरत है। ठगी व धमकी से वे मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने एसएसपी से तत्काल उचित कार्रवाई कर ठगे गए पैसे की वापसी व सुरक्षा की मांग की है।


