
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित किताडीह गाड़ीवानपट्टी में बुधवार को बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला को पकड़कर स्थानीय लोगों ने बांस के खंभे से बांध दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
बच्ची को ले जाने की कोशिश का आरोप
घटना के संबंध में पीड़िता जैतून बीबी ने बताया कि वह पास की दुकान पर राशन लेने गई थी। इस दौरान उसके बच्चे घर के बाहर मैदान में खेल रहे थे। आरोप है कि इसी बीच एक महिला वहां पहुंची और उसकी तीन साल की बेटी को खींचकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगी। बताया जा रहा है कि महिला बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने का प्रयास कर रही थी।
बच्चे के शोर मचाने पर जुटे परिजन
इसी दौरान जैतून बीबी के छोटे बेटे ने शोर मचा दिया और अपनी मौसी व अन्य परिजनों को बुला लिया। परिजनों को अपनी ओर आता देख महिला भागने लगी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
भीड़ ने खंभे से बांधा
महिला को पकड़ने के बाद गुस्साए लोगों ने उसे बांस के खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया। परिजनों का कहना है कि यह महिला पिछले चार दिनों से इलाके में संदिग्ध रूप से घूमती देखी जा रही थी, जिससे लोगों में पहले से ही संदेह था।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए महिला को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मंशा क्या थी।

