
उदित वाणी जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब सड़क हादसा सामने आया। टाटा मोटर्स के साउथ गेट के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने जब क्षतिग्रस्त कार का दरवाजा और डिक्की खोली तो अंदर छह बकरियां देखकर सभी दंग रह गए। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार पर रांची का नंबर प्लेट लगा हुआ था। कार के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। बकरियों की बरामदगी के बाद आशंका जताई जा रही है कि कार सवार लोग बकरी चोरी में शामिल हो सकते हैं या फिर किसी अवैध तरीके से बकरियों को ले जाया जा रहा था। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

