
उदित वाणी जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रकाशनगर-गरुड़बासा में रिश्तों के भरोसे को तोड़ने वाली एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शादी का रिश्ता तय होने के बाद घर में बेझिझक आने-जाने वाली युवती ने ही मंगेतर के घर से लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती पूजा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रकाशनगर निवासी सुनील लोहार ने गोविंदपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि पूजा कुमारी की शादी उनके भतीजे से तय हुई थी। रिश्ते के कारण युवती का घर में लगातार आना-जाना रहता था, जिससे परिवार के लोग उस पर पूरा भरोसा करने लगे थे। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने मौका पाकर घर की अलमारी से करीब 2 लाख 60 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने गायब कर दिए।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी करने के बाद पूजा कुमारी ने ये गहने साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह स्थित प्रताप रेसिडेंसी निवासी आभूषण विक्रेता अजय कुमार को बेच दिए थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने अजय कुमार को भी हिरासत में लेकर उसके पास से चोरी के गहने बरामद कर लिए।
जांच के दौरान पुलिस को और भी चौंकाने वाली जानकारी मिली। पता चला कि पूजा कुमारी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। वह अलग-अलग युवकों को शादी का झांसा देकर उनके परिवारों का भरोसा जीतती थी और फिर मौका मिलते ही घरों से जेवरात चुरा लेती थी।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि आरोपी युवती और चोरी के गहने खरीदने वाले आभूषण विक्रेता दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तरह की घटनाओं में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

