
उदित वाणी जमशेदपुर : धतकीडीह स्थित ब्लड बैंक और टाटा मेन हॉस्पिटल के नजदीक सड़क किनारे लगने वाले ठेले-खुमचों में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते कई ठेलों को अपनी चपेट में ले लिया। कई घंटों तक ठेले धू-धू कर जलते रहे, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक एक ठेले से धुआं उठता दिखा और कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि प्रयास नाकाम रहे। आग की लपटें और काला धुआं दूर से ही नजर आ रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही टाटा स्टील की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई ठेला संचालकों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग जानबूझकर लगाए जाने की आशंका है, हालांकि प्रशासनिक पुष्टि अभी बाकी है। मामले की जांच की जा रही है।

