
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव गोलचक्कर के पास सोमवार तड़के करीब तीन बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. रुंगटा माइंस से लोहे की पाइप लोड कर जपला (डाल्टनगंज) की ओर जा रहा एक भारी ट्रेलर गोलचक्कर पर मोड़ लेते समय अनियंत्रित हो गया. हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर पर लदी लोहे की भारी पाइप को बांधने वाली चैन अचानक टूट गई. तेज रफ्तार में गोलचक्कर पर टर्न लेते समय संतुलन बिगड़ गया और कई टन वजनी पाइप सीधे चालक के केबिन पर आ गिरी. इससे केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया. सूचना मिलते ही बिष्टपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

मृतक की पहचान सुमन कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के भागलपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. हादसे के बाद कुछ समय के लिए मरीन ड्राइव मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मरीन ड्राइव का यह गोलचक्कर पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र माना जाता है. कुछ दिन पहले इसी स्थान पर एक गैस टैंकर पलट चुका है, वहीं इससे पहले कॉइल लदी गाड़ी के पलटने की घटना भी हो चुकी है. लोगों का कहना है कि गोलचक्कर का आकार बड़ा होने के कारण भारी वाहनों को तीखा मोड़ लेना पड़ता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से गोलचक्कर के डिजाइन में सुधार, उसका आकार छोटा करने और भारी वाहनों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.

