
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टूपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से संभावित आपराधिक घटना टल गई। गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की देर रात रिगल चौक के पास पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियार के साथ रिगल चौक इलाके में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही बिष्टूपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान सोनारी थाना क्षेत्र के खूंटाडीह मस्जिद रोड निवासी आकाश गोराई उर्फ छोटू (24) को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान पता चला कि उसके साथ हेते बाबा उर्फ विकास सिंह और बंटी सिंह भी वहां मौजूद थे। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस का अनुमान है कि तीनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। फिलहाल बिष्टूपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

