
उदित वाणी जादूगोड़ा:जमशेदपुर से उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर जाने वाली शांतिलता बस के अब जादूगोड़ा होकर नहीं गुजरने से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट के बदलने से जादूगोड़ा, पोटका, मुसाबनी समेत आसपास के कई ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार करीब दो वर्ष पहले तक शांतिलता बस जमशेदपुर से जादूगोड़ा होते हुए भुवनेश्वर तक संचालित होती थी। इससे क्षेत्र के लोगों को उड़ीसा जाने के लिए सीधी बस सुविधा मिलती थी। लेकिन कुछ दिन पहले बहरागोड़ा के पास इस बस की एक गाड़ी में आग लगने की घटना के बाद बस मालिक ने इसका रूट बदलकर बहाल्दा और रायरंगपुर मार्ग कर दिया।
बस का रूट बदलने के बाद जादूगोड़ा, पोटका और मुसाबनी के यात्रियों को अब भुवनेश्वर जाने के लिए दूसरी जगहों से बस पकड़नी पड़ रही है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस में आग लगने की घटना एक दुर्घटना थी, लेकिन इसका खामियाजा क्षेत्र के यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
वहीं विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि इस बस का परमिट जादूगोड़ा मार्ग के लिए नहीं था। दुर्घटना के बाद संभावित जांच की आशंका को देखते हुए बस मालिक ने जादूगोड़ा होकर बस नहीं चलाने का निर्णय लिया।
हालांकि कारण जो भी हो, लेकिन इस रूट के बंद होने से क्षेत्र के लोगों को सीधी बस सेवा से वंचित होना पड़ रहा है। जादूगोड़ा के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कम से कम एक बस जमशेदपुर से भुवनेश्वर के लिए जादूगोड़ा मार्ग से चलाई जाए, ताकि यात्रियों को हो रही असुविधा से राहत मिल सके।

