
उदित वाणी, जमशेदपुर: बागबेड़ा और कीताडीह क्षेत्रों में रेलवे की भूमि से अतिक्रमण हटाया जाएगा. इस दिशा में टाटानगर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने बागबेड़ा ट्रैफिक कॉलोनी और कीताडीह रोड क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक लोगों को जमीन खाली करने का नोटिस दिया, जिससे स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया.
नोटिस पाने वालों में रेलवे के लीजधारी दुकानदार भी शामिल हैं, जिन्होंने आवंटित क्षेत्र से अधिक जमीन पर निर्माण कर लिया था. जानकारी के अनुसार, कई रेलवे क्वार्टरों पर बाहरी लोगों का कब्जा है, जिन्हें भी खाली करने का निर्देश दिया गया है.
टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास, कॉलोनी सौंदर्यीकरण और नए रेलवे कार्यालय निर्माण की योजना के तहत इंजीनियरिंग विभाग लगातार अतिक्रमण और कब्जे वाली जमीन को खाली कराने की प्रक्रिया में जुटा है.
बर्मामाइंस, जुगसलाई, कीताडीह और खासमहल रोड तक लगभग डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में 125 से अधिक लोगों को नोटिस दिया जा चुका है. जल्द ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की मदद से अध शब्जा हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा.

