
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमाअत-ए-इस्लामी हिंद, जमशेदपुर की ओर से साकची स्थित मोहम्मदन स्पोर्टिंग क्लब में सर्वधर्म इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों और धर्मों से जुड़े लगभग 120 गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया.
इस अवसर पर जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के सदस्य ज़फ़र इमाम ने संगठन का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया और इसके उद्देश्यों तथा सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डाला.
कार्यक्रम में जमाअत-ए-इस्लामी हिंद, जमशेदपुर के स्थानीय अध्यक्ष तौहीदुल हसन, जमीअतुल उलेमा सचिव हाफिज अनवर हुसैन, सद्भावना मंच के भगवान सिंह, ST SC माइनॉरिटी के रवींद्र जी, मानगो गुरुद्वारा प्रबंधक जसवंत सिंह, बोध समाज के सुनील बरनवाल और शैलेंद्र सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्य रूप से भाग लिया.
इफ्तार और नमाज़ के बाद प्रतिभागियों के लिए चाय की व्यवस्था की गई. इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर इस्लामी पुस्तकों और जानकारीपूर्ण फोल्डरों का विशेष काउंटर लगाया गया, जहाँ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर पुस्तिकाएँ प्रतिभागियों में वितरित की गईं.
इस आयोजन का उद्देश्य समाज के विभिन्न धर्मों और समुदायों के बीच सद्भावना, सहयोग और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देना बताया गया.

