
पूर्वी सिंहभूम जिले में अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस के अवसर पर बुधवार को निरीक्षण भवन में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर और आदित्यपुर की ओर से संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता सहित विभाग के अन्य अधिकारी, प्लम्बर और कर्मी उपस्थित रहे।
जल महोत्सव के उद्देश्यों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक आयोजित किए जा रहे “जल महोत्सव” कार्यक्रम के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था में प्लम्बरों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करना है।
नल से जल योजना में प्लम्बरों की अहम भूमिका
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में “नल से जल” की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने में प्लम्बरों का महत्वपूर्ण योगदान है। उनके प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल रही है।
स्वच्छ भारत मिशन में योगदान की सराहना
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता ने सभी प्लम्बरों को अंतर्राष्ट्रीय प्लम्बर दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने में प्लम्बर एक अहम कड़ी हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे उनके कार्यों की सराहना की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लम्बरों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत बेहतर कार्य करने वाले प्लम्बरों को शॉल और टूल किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
जिला से गांव स्तर तक होंगी विभिन्न गतिविधियां
कार्यक्रम के अंत में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर ने बताया कि जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला, प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं जनसहभागिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर एवं आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्लम्बर तथा अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे।

