
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर की धार्मिक संस्था श्री जीण माता परिवार, जमशेदपुर द्वारा मंगलवार 17 मार्च को साकची धालभुम क्लब मैदान (श्री अग्रयेन भवन के सामने) में जीण माता का 20वां वार्षिक महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया. दोपहर में ज्योत प्रज्ज्वलन एवं पूजा में यजमान कुंमुद-रमेश अग्रवाल और श्यामलता-अनील अग्रवाल शामिल हुए. पूजा का संचालन पुजारी अमित शर्मा ने किया.
मंत्रोच्चारण के माध्यम से माता को आमंत्रित किया गया, जिसमें ओम आनंदमयी, चेतन्यमयी, सत्यमयी परम मंत्र का जाप किया गया. मंच संचालन के दौरान स्थानीय भज गायक महावीर अग्रवाल मुन्ना ने श्री गणेश वंदना, गाजानंद आज पधारो म्हारे ऑगणे से महा मंगल पाठ और भजनों का शुभारंभ किया. इस दौरान श्री हनुमान जी, श्याम बाबा, पीतर देव जी महाराज के भजन भी प्रस्तुत किए गए.

महा मंगल पाठ और भजनों की झूमती महफिल
दोपहर 3 बजे मां भवानी जीण शक्ति का महा मंगल पाठ हुआ, जिसमें 1501 महिलाएं राजस्थानी परिधान और चूड़ी पहनकर शामिल हुईं. संध्या 8 बजे से भजनों की अमृत वर्षा हुई, और रात 10 बजे महाआरती के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन हुआ.
महा मंगल पाठ का वाचन सूरत से आईं सुरभि बिरजूका ने किया, जिन्होंने भजनों की मधुरता से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया. जन्मोत्सव, चूड़ी, गजरा और मेंहदी उत्सव के दौरान “हरी हरी मेंहंदी रचे…”, “जीण भवानी नैया लगा दे किनारे…”, “रूक जा प्यारी बहना…”, “ओढ़ों-ओढ़ो म्हरी माता रानी…” जैसे भजनों पर महिलाएं झूमती रहीं.
शाम के भजनों में जयपुर के रविश सोनी, सोनम सोनी और मास्टर गुरू सोनी ने भव्य प्रस्तुति दी. उनके भजनों में “जीण मैया, जीण मैया आना कभी भक्तों के घर…”, “गोरया की महारनी हैं जिसे मैं प्यार करता हूँ…”, “मावड़ी कुमकुम रा पगल्या मांडो म्हारे आंगणियां रे माय…” जैसे भजन शामिल थे, जिससे भक्तों ने पूरे कार्यक्रम में भक्ति रस का अनुभव किया.
आकर्षण का केंद्र
इस महोत्सव में महा मंगल पाठ, माता का भव्य श्रृंगार, अखंड ज्योत, जन्मोत्सव, चूड़ी एवं मेंहदी उत्सव, भजनों पर नृत्य और छप्पन भोग प्रसाद मुख्य आकर्षण रहे.
सफल आयोजन में योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में तुलसी खेमका, शंभू खन्ना, बजरंग अग्रवाल, विनोद खन्ना, राजकुमार रिंगसिया, ललित अग्रवाल, शंकर लाल अग्रवाल, जगदीश खेमका, बजरंग चौधरी, गोपाल अग्रवाल, मनीष खन्ना, आशीष खन्ना समेत जीण माता परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. कार्यक्रम का आयोजन मनीष और आशीष के संयोजन में हुआ.
उपस्थित अतिथि
इस अवसर पर समाजसेवी रामकृष्ण चौधरी, ओम प्रकाश रिंगसिया, उमेश शाह, अरुण बांकरेवाल, राजेश मेंगोतिया, राधेश्याम खेतान, निर्मल मेंगोतिया, संतोष खेतान, श्याम खंडेलवाल आदि उपस्थित थे. सभी अतिथियों ने माता के दरबार में हाजरी लगाई और देश के विकास की प्रार्थना की. संस्था की ओर से सभी अतिथियों को अंग वस्त्र और दुपट्टा देकर सम्मानित किया गया.
भक्तों ने ग्रहण किया जीण रसोई (भंडारा)
माता जी की रसोई का भंडारा लगभग 3000 से अधिक भक्तों ने ग्रहण किया. इस आयोजन में कोलकाता के प्रताप शर्मा म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने सहयोग दिया. भव्य दरबार को श्रद्धा भाव से सजाया गया और गर्मी को देखते हुए वातानुकूलित (AC) पंडाल की व्यवस्था की गई. झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा रानीगंज, पुरूलिया, आसनसोल, खड़गपुर और कोलकाता से भी भक्तगण इस महोत्सव में शामिल हुए.

