
उदित वाणी, जमशेदपुर : चौका थाना क्षेत्र स्थित जयदा मंदिर घाट पर स्वर्णरेखा नदी में डूबे जमशेदपुर निवासी युवक का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी स्थित पंचवटी नगर, सिद्ध-कान्हू बस्ती जोन नंबर-2 निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार सोमवार को अपने एक मित्र के साथ जयदा मंदिर दर्शन के लिए आया था। पूजा-अर्चना के बाद दोनों स्वर्णरेखा नदी के घाट पर पहुंचे। इस दौरान प्रेम कुमार नदी में स्नान करने उतर गया, जबकि उसका मित्र किनारे पर खड़ा होकर मोबाइल से वीडियो और रील बनाने में व्यस्त था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाने के दौरान प्रेम कुमार अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया। कुछ ही क्षणों में वह संतुलन खो बैठा और नदी की तेज धारा में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौका एवं चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की सहायता से देर रात तक युवक की तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अंधेरा बढ़ने और नदी की परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के कारण खोज अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
मंगलवार सुबह मामले ने गंभीर रूप ले लिया, जिसके बाद स्थानीय विधायक सविता महतो की पहल पर रांची से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। विधायक स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को खोज अभियान में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञों की मदद से नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली और प्रेम कुमार का शव नदी से बरामद कर लिया गया। शव बाहर निकलते ही परिजनों की आंखों से आंसुओं का सैलाब फूट पड़ा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दुखद हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में स्नान के दौरान सतर्कता बरतें तथा गहरे पानी में जाने से बचें। प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

