
उदित वाणी, जादूगोड़ा : जादूगोड़ा-टाटा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की अयस्क ढोने वाली हाइवा ने जादूघुटू के पास तीन भैंसों को रौंद दिया. इसमें एक भैंसा मौके पर ही मारा गया जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए.
गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना के विरोध में धोबनी गांव के ग्रामीण, बूढ़ान उरांव और एच. बास्के के नेतृत्व में, मुआवजे की मांग को लेकर उग्र हो गए. उन्होंने जादूगोड़ा-नरवा पहाड़ मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया और ढाई लाख रुपये के मुआवजे की मांग की. जाम की वजह से सैकड़ों वाहन फंस गए और यात्री घंटों परेशान होते रहे.
पुलिस ने की मध्यस्थता, निकला समाधान
मौके पर पहुंचे जादूगोड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी आनंद मरांडी ने हाइवा मालिक के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता कराई. बातचीत के बाद यह तय हुआ कि मृत भैंसे की कीमत दी जाएगी या उसके बदले में एक नया भैंसा प्रदान किया जाएगा. इसके बाद सुबह करीब 11 बजे सड़क जाम समाप्त हुआ.
चालक फरार, हाइवा मालिक सुंदरनगर निवासी
घटना के बाद हाइवा चालक वाहन को पास के पेट्रोल पंप में छोड़कर फरार हो गया. बताया गया कि यह हाइवा सुंदरनगर निवासी अरविंद सिंह का है. घटना के बाद से ग्रामीणों में काफी रोष व्याप्त है और वे UCIL से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं.
जाम ने रोकी रफ्तार, ऑफिस और बस सेवाएं प्रभावित
इस सात घंटे लंबे जाम के कारण टाटा और जादूगोड़ा की ओर जाने वाली बसों की लंबी कतारें लग गईं. बैंक और पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी, छात्र और ड्यूटी पर जा रहे यात्री घंटों तक फंसे रहे. कई लोगों को देर से अपने कार्यालयों तक पहुंचना पड़ा.

