
उदित वाणी जमशेदपुर : रेलवे की ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था सोमवार को एक बार फिर यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गई। तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान नए एप रेल वन और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर तकनीकी समस्या के कारण कई यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आदित्यपुर निवासी एक यात्री ने नीलांचल एक्सप्रेस की एसी श्रेणी में तत्काल टिकट बुक करने के लिए रेल वन एप का इस्तेमाल किया। बुकिंग प्रक्रिया के दौरान यात्री के बैंक खाते से राशि तो कट गई, लेकिन टिकट कन्फर्म नहीं हो सका। बाद में करीब तीन घंटे बाद कटी हुई राशि वापस खाते में आ गई। हालांकि सर्वर की समस्या के कारण यात्री समय पर टिकट बुक नहीं कर पाया और उसे कन्फर्म सीट से हाथ धोना पड़ा।
यात्री ने इस पूरी घटना की शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करते हुए रेलवे से मदद की गुहार लगाई। शिकायत के बाद रेलवे की ओर से जवाब देते हुए मामले को संबंधित विभाग को भेजने की जानकारी दी गई।
इधर, सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर भी तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान सर्वर डाउन होने की समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि तत्काल टिकट बुकिंग का समय सीमित होता है, ऐसे में सर्वर की धीमी गति या तकनीकी खराबी के कारण उन्हें टिकट से वंचित होना पड़ता है।
यात्रियों ने रेलवे से ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम को और मजबूत बनाने तथा तत्काल टिकट के समय सर्वर क्षमता बढ़ाने की मांग की है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

