
उदितवाणी, जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रेरणादायी महिलाओं को सम्मानित करने के लिए एक गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना था.
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की शक्ति है. उनके सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण से ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है. इस अवसर पर समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाली कई महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया.

समाज सेवा के क्षेत्र में सुशीला खिरवाल सम्मानित
समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सुशीला खिरवाल को सम्मानित किया गया. उन्होंने नेत्रदान के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाकर कई लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित किया है. उनके इस पुनीत और प्रेरणादायी कार्य की सराहना की गई.

शिक्षा के क्षेत्र में प्रीति का योगदान
शिक्षा के क्षेत्र में विमेंस कॉलेज यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर प्रीति को सम्मानित किया गया. वे शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को निरंतर मार्गदर्शन देते हुए समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रही हैं.

कला एवं संस्कृति में सुमन प्रसाद की पहचान
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में प्रसिद्ध फ्लेमिनार्ट एवं म्यूरल आर्ट की अवॉर्ड विजेता कलाकार सुमन प्रसाद को सम्मानित किया गया. उन्होंने अपनी कला के माध्यम से समाज में एक विशेष पहचान बनाई है.

महिला उद्यमिता में ऋतु रूंगटा बनीं प्रेरणा
महिला उद्यमिता के क्षेत्र में ऋतु रूंगटा को सम्मानित किया गया. वे मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड, कैंसर फाइटर, सर्टिफाइड योगा और प्रीनेटल ट्रेनर होने के साथ-साथ एक सफल उद्यमी भी हैं और कई महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं.

युवा प्रेरणा के रूप में शिल्पा तापड़िया का सम्मान
युवा प्रेरणा के क्षेत्र में शिल्पा तापड़िया को सम्मानित किया गया. उन्होंने नगर परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 22 से पार्षद पद पर जीत हासिल कर मारवाड़ी समाज की महिलाओं और युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है.
कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही. इनमें अध्यक्ष युवा विकास शर्मा, उपाध्यक्ष युवा हेमंत गुप्ता, सह सचिव युवा उत्तम शर्मा, संयोजक युवा संदीप अग्रवाल, युवा शशांक भालोटिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
मंच की ओर से कहा गया कि मारवाड़ी युवा मंच समाज में सेवा, संस्कार और सशक्तिकरण के कार्यों के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी समाजहित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा.

