
उदित वाणी, जमशेदपुर: जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे सघन अनुश्रवण अभियान के तहत उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों और नगर निकाय क्षेत्रों में नियुक्त नोडल पदाधिकारियों ने शनिवार को विभिन्न पंचायतों का दौरा किया। इसका उद्देश्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।
13 क्षेत्रों में नोडल अधिकारियों ने किया गहन निरीक्षण
इस अभियान के तहत आज DDC नागेन्द्र पासवान ने जमशेदपुर सदर का लुआबासा पंचायत, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद ने पटमदा में पटमदा पंचायत, LRDC धालभूम गौतम कुमार ने पोटका का सोहदा, कार्यपालक दण्डाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बोड़ाम का बोंटा, सुदीप्त राज ने घाटशिला में काशिदा, अमन कुमार ने मुसाबनी का सुरदा, DSO ने डुमरिया में केन्दुआ, SOR ने धालभूगगढ़ का महुलीशोल, DCLR घाटशिला ने बहरागोड़ा में छोटा पारूलिया, निदेशक NEP ने गुड़ाबांदा में बालिजुड़ी, कार्यपालक दण्डाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने जमशेदपुर अक्षेस, जिला भू अर्जन पदाधिकारी ने मानगो नगर निगम, जिला परिवहन पदाधिकारी ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र का निरीक्षण किया ।
ज़मीनी सच्चाई का लिया गया जायजा
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, जन वितरण प्रणाली की दुकानें, मनरेगा कार्यस्थल और पंचायत भवनों की गहन समीक्षा की गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी सुविधाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और लोगों तक उनकी पहुंच पर खास ध्यान दिया गया।
पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना उद्देश्य
यह अभियान सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक नियमित अभ्यास के रूप में अपनाया गया है। इसका मकसद केवल निरीक्षण नहीं, बल्कि ज़रूरत पड़ने पर सुधारात्मक कदम उठाना भी है, ताकि लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा और वास्तविक लाभ समय पर मिल सके।

