उदित वाणी, जमशेदपुर: नेहरू युवा केंद्र पूर्वी सिंहभूम द्वारा करीम सिटी कॉलेज, साकची प्रांगण में युवा उत्सव का आयोजन किया गया. इसमें करीम सिटी के एनएसएस इकाई ने भी सहयोग किया.
कार्यक्रम का आयोजन पंच प्रण विषय पर किया गया था. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता उपस्थित रहीं. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के द्वारा दीप प्रज्वलन करके की गई. युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की समृद्ध विरासत, संस्कृति और मूल्यों को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक मंच पर लाना है.
युवा उत्सव कार्यक्रम में कविता लेखन, चित्रकला, भाषण एवं सांस्कृतिक नृत्य आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न प्रखंडों से आए युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर महिला कॉलेज की कुलपति ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत देश में सबसे बड़ी आबादी युवाओं की है.
युवा उत्सव का आयोजन युवाओं में छुपी प्रतिभा को निखारता है. पढ़ाई के साथ-साथ युवाओं में सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गुणों का होना भी देश के विकास के लिए आवश्यक है.
इसमें कविता प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर क्षमाश्री दुबे, द्वितीय स्थान पर रंजना साहू, तृतीय स्थान पर स्नेहा कुमारी रहीं. चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गुनाधर रूही दास, द्वितीय स्थान तरबूब कौसर और तृतीय स्थान स्नेहा रॉय ने प्राप्त किया. फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अमन कुमार साहू, द्वितीय शुभम कुमार एवं तृतीय स्थान पर वसुदेव श्री रहे.
भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मानव घोष, द्वितीय भार्गव कुमार एवं तृतीय स्थान पर उदय गोप रहे. सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रम में प्रथम स्थान ओलिविया विश्वास एवं समूह, द्वितीय शिवानी कुमारी की नृत्य समूह एवं तृतीय स्थान आशा पूर्ति एवं उनके नृत्य समूह ने प्राप्त किया.
अंत में मुख्य अतिथि द्वारा सभी विभिन्न प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आए प्रतियोगियों को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया. इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला युवा अधिकारी अंजली कुमारी द्वारा किया गया एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में नेहरू युवा केंद्र पूर्वी सिंहभूम स्वयंसेवकों एवं एनएसएस इकाई ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया.


