
उदित वाणी जमशेदपुर : मिडिल ईस्ट (अरब देशों) में हवाई सेवा प्रभावित होने सहित अन्य कारणों को देखते हुए भारतीय डाक विभाग ने वहां भेजे जाने वाले सभी प्रकार के मेल, डाक और पार्सल की बुकिंग पर फिलहाल रोक लगा दी है. इस संबंध में विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है. इस आदेश की प्रति जमशेदपुर प्रधान डाकघर को भी प्राप्त हो गई है. इसके बाद यहां से अरब देशों के लिए बुक होने वाले मेल, डाक और पार्सल की बुकिंग बंद कर दी गई है. डाक विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन कई लोग अरब देशों के लिए डाक और पार्सल बुक कराने के लिए डाकघर पहुंच रहे हैं, लेकिन बुकिंग बंद होने की जानकारी मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है. विभाग का कहना है कि फिलहाल बुकिंग नहीं ली जा रही है, इसलिए यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि प्रतिदिन वहां के लिए कितनी डाक आने की संभावना थी, क्योंकि अधिकांश लोग काउंटर पर जानकारी लेकर ही लौट जा रहे हैं.
विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जैसे ही हवाई सेवाएं सामान्य होंगी और आगे से नया निर्देश प्राप्त होगा, उसके बाद ही अरब देशों के लिए मेल और पार्सल की बुकिंग दोबारा शुरू की जाएगी. इस रोक के कारण यूएई (दुबई/अबू धाबी), बहरीन, इसराइल, कुवैत, ओमान, सऊदी अरब, मोरक्को और कतर आदि देशों की डाक सेवा प्रभावित हुई है.

