
उदित वाणी, जमशेदपुर: पोटका प्रखंड के तुलग्राम और कोराड़कोचा (गालूडीह) में निवास कर रहे सबर जनजाति (PVTG) के अधूरे आवासों के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को ‘झारखंड पुनरुत्थान अभियान’ (गैर-राजनीतिक सामाजिक संगठन) ने जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया. संगठन के जिला अध्यक्ष बलराम मुर्मू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान को ज्ञापन सौंपकर तीन वर्षों से अधूरे पड़े आवासों को जल्द पूरा कराने की मांग की.
तीन वर्षों से अधूरे पड़े हैं आवास
संगठन की ओर से बताया गया कि पोटका प्रखंड के तुलग्राम और कोराड़कोचा क्षेत्र में रहने वाले सबर जनजाति के कई परिवारों के आवास पिछले तीन वर्षों से अधूरे पड़े हैं. इन घरों की छत तक नहीं बन पाई है, जिसके कारण परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप
ज्ञापन में कहा गया कि किसी परिवार के सिर पर पक्की छत का न होना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिलने वाले गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार का उल्लंघन है. संगठन ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
बरसात से पहले आवास पूर्ण करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि आगामी बरसात से पहले सभी अधूरे आवासों का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि सबर परिवारों को राहत मिल सके. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
कई सदस्य रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के केंद्रीय प्रवक्ता प्रणव कुमार महतो, छात्र मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अरील सिंकू, युवा कांग्रेस झारखंड प्रदेश महासचिव अविनाश कोड़ा सहित सदस्य जितेंद्र सिंह, पितवास तामसोय, मंजीत हंसदा, जय हाईबुरु और सुनील तामसोए उपस्थित थे.
प्रशासन ने दिया जांच का आश्वासन
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की त्वरित जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया.
