
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब ठगों ने उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-3 की निवासी को अपने जाल में फंसा लिया। इस मामले में pidita के आवेदन पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की तहकीकात के लिए तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है।
पीड़िता के अनुसार, 13 जुलाई को उसे एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप पर लोन दिलाने का ऑफर मिला। इसके साथ एक लिंक भी भेजा गया। लोन की जरूरत के चलते पीड़िता ने लिंक पर क्लिक किया और ठगों के संपर्क में आ गई। ठगों ने विभिन्न प्रोसेस और शुल्क के नाम पर कई बार ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कराए। इस दौरान पीड़िता से कुल 89 हजार रुपये ऐंठ लिए गए।
रकम देने के बाद भी लोन न मिलने पर पीड़िता ने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो ठगों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उसकी फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया। इससे नीलम मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने के लिए साइबर सेल से तकनीकी जांच कराई जा रही है। साथ ही, संदिग्ध बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की डिटेल जुटाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के ऑनलाइन लोन या इनाम के लालच में आए बिना, पहले उसकी सच्चाई की जांच करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
शहर में पिछले कुछ महीनों में इस तरह की ठगी के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है, जिसमें ठग सोशल मीडिया, मैसेजिंग ऐप और फोन कॉल के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में तुरंत 1930 नंबर पर कॉल कर साइबर ठगी की सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

