
उदित वाणी जमशेदपुर : आदित्यपुर–गम्हरिया रेलखंड के बीच टाटा–छपरा एक्सप्रेस में पेट्रोलिंग के दौरान आदित्यपुर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शराब की अवैध तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।
आरपीएफ टीम ट्रेन में नियमित पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक यात्री के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से 180 एमएल की कुल 30 पैकेट शराब बरामद की गई। मौके पर ही आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान जुगसलाई स्थित एलआईसी बिल्डिंग निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब को मोकामा, बिहार ले जा रहा था। उसका इरादा होली पर्व के दौरान ऊंचे दामों पर शराब बेचकर अवैध रूप से मुनाफा कमाने का था। आरोपी की स्वीकारोक्ति से स्पष्ट है कि वह त्योहार के मौके पर अवैध धंधा करने की योजना बना रहा था।
आदित्यपुर आरपीएफ प्रभारी अजित कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें पहले से इस तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम को अलर्ट किया गया और ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि होली को देखते हुए आरपीएफ पूरी तरह सतर्क है और ट्रेनों में लगातार निगरानी की जा रही है।
फिलहाल आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल पुलिस को सौंप दिया गया है। आरपीएफ ने भरोसा दिलाया है कि रेलवे मार्गों पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

