
उदित वाणी जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां 30 वर्षीय मनीषा कौर का शव उसके घर से बरामद किया गया, जिसकी गर्दन चाकू से रेती गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह की सुई मनीषा के पति सागर पर आकर टिक गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सागर ने पूछताछ में बताया कि उसने घटना से पहले सेक्स उत्तेजक दवा खाई थी और पत्नी से अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने की मांग की। जब मनीषा ने इसका विरोध किया, तो वह आपा खो बैठा और गुस्से में आकर चाकू से उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।
बताया जाता है कि मनीषा और सागर ने करीब नौ साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। घटना के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर भी स्थानीय लोग चिंता जता रहे हैं।
गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
इस निर्मम हत्या ने इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। पड़ोसी दंपत्ति को सामान्य मानते थे और किसी विवाद की आशंका नहीं जताई थी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

