
आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका और सहायिका के रिक्त पदों को ग्राम सभा के माध्यम से भरने का निर्देश
उदित वाणी , जमशेदपुर: उपायुक्त विजया जाधव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में विकास से संबंधित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई.
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों के अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम करने को कहा. उन्होंने सभी विभाग से जनहित से जुड़े कार्यों को आपसी समन्वय के साथ ससमय पूरा करने को कहा.
वैसे प्रखंड जहां दुर्गम स्थलों में सरकारी विद्यालय बने हैं तथा तकनीकी दिक्कतों से जहां फिलहाल बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो पा रही उन विद्यालयों में सौर ऊर्जा आधारित बिजली व्यवस्था के लिए प्रस्ताव देने का निर्देश शिक्षा विभाग को दिया गया.
इसी तरह आंगनबाड़ी केन्द्रों में रिक्त सेविका व सहायिका के पदों को भरने के लिए ग्रामसभा के माध्यम से सुयोग्य उम्मीदवारों के चयन हेतु निर्देश दिया गया.
इसके अलावा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्राप्त आवंटन के अनुरूप मदवार खाद्यान्न लाभुकों को ससमय उपलब्ध कराने तथा सभी गोदामों का स्टॉक एवं वितरण पंजी अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया.
वित्त वर्ष 2019-20 की 891 योजनाएं लंबित
वित्तीय वर्ष 2019-20 से पूर्व की 891 योजनाओं को लंबित पाये जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने अगस्त के अंत तक सभी योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया.
चाकुलिया प्रखंड में 192, डुमरिया में 148, पटमदा में 126, पोटका में 125, बोड़ाम में 104, धालभूमगढ़ में 54, बहरागोड़ा में 34, घाटशिला में 32, गुड़ाबांदा 28 एवं मुसाबनी में 18 तथा गोलमुरी सह जुगसलाई में 30 योजनाएं लंबित पायी गयी.
अमृत सरोवर के पास होगा पौधरोपण
बैठक में उपस्थित डीडीसी ने अमृत सरोवर योजना के तहत 15 अगस्त तक सभी प्रखंडों को स्वीकृत योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया.
अमृत सरोवर योजना अंतर्गत तालाब का जीर्णोद्धार एवं निर्माण का कार्य किया जाना है, साथ ही झंडोत्तोलन हेतु फ्लैट पोस्ट, बोर्ड एवं ग्रामीणों के बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. इसी तरह अमृत सरोवर के चारों ओर पौधरोपण का कार्य भी किया जाएगा. इसके तहत नीम, पीपल, बरगद आदि का पौधरोपण करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप प्रसाद, अपर उपायुक्त सौरभ सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव रंजन, डीसीएलआर रविन्द्र गगरई, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर, जिला कल्याण पदाधिकारी राजेश पांडेय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ रजनीकांत मिश्रा सहित अन्य उपस्थित थे.

