
उदित वाणी,जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गजर्दी बालिका बस्ती में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लकी प्रसाद के घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर रखा अधिकांश सामान उसकी चपेट में आ गया। धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन बस्ती की संकरी गलियों और मौके पर जुटी भीड़ के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बाल्टी, पाइप और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
इस हादसे में टीवी, फ्रिज, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवार ने लगभग डेढ़ लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

