
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। होटल सागर गोलचक्कर के समीप तेज रफ्तार पिकअप वैन ने स्कूटी सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार महिला सड़क पर गिर पड़ी और पिकअप वैन उसे स्कूटी समेत करीब दो मीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ गई।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर पिकअप वैन समेत चालक को पकड़ लिया। बाद में उसे साकची थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना में घायल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तुरंत इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

