
उदित वाणी जमशेदपुर: होली पर्व को लेकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। त्योहार के दौरान संभावित हादसों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए इमरजेंसी विभाग में नेत्र, हड्डी (ऑर्थोपेडिक) और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने का निर्णय लिया गया है।
अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित विभागाध्यक्षों को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए हैं। सामान्य चिकित्सकों के साथ-साथ विशेषज्ञ डॉक्टर भी इमरजेंसी में मौजूद रहेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
होली के दौरान रंगों के कारण आंखों में जलन, संक्रमण और त्वचा संबंधी समस्याएं सामने आती रही हैं। पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर इस बार विशेष रूप से नेत्र और त्वचा रोग विशेषज्ञों की तैनाती की जा रही है।
इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए हड्डी रोग विशेषज्ञों को भी इमरजेंसी ड्यूटी पर रहने का निर्देश दिया गया है। दुर्घटनाओं में अक्सर फ्रैक्चर और गंभीर चोट के मामले सामने आते हैं, जिनके लिए तत्काल विशेषज्ञ उपचार आवश्यक होता है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि होली के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

