
उदित वाणी, जमशेदपुर: हिन्दू नववर्ष के अवसर पर चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के उपलक्ष्य में बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया. हिन्दू नववर्ष उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली.
पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का आयोजन संस्था के संयोजक निरंजन पांडे के नेतृत्व में किया गया. मंदिर प्रांगण में पूजा-अर्चना के बाद दीप प्रज्वलन कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ सदस्य दिलीप गोयल, बलबीर पांडे और राम मंदिर समिति के अध्यक्ष वी.डी. गोपालकृष्णन द्वारा की गई.

11,000 दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर
कार्यक्रम की सबसे खास बात रही 11,000 दीपों का सामूहिक प्रज्वलन. महिलाओं की सक्रिय सहभागिता के साथ पूरे मंदिर परिसर को दीपों की रोशनी से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठा. इस दौरान श्रद्धालुओं ने राम नाम के भजन और उद्घोष के साथ पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया.
हनुमान चालीसा और भजनों से गूंजा माहौल
दीप प्रज्वलन के बाद मंदिर के मुख्य पुजारी के सान्निध्य में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया. वहीं बलबीर पांडे द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया.

आभार के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में संस्था के वरिष्ठ सदस्य राजू सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया. संस्था के मुख्य संरक्षक नन्दजी प्रसाद ने आयोजन की सफलता पर सभी सदस्यों को बधाई दी.
इस आयोजन को सफल बनाने में वाई. ईश्वर राव, वर्मा प्रसाद, जितेन्द्र प्रसाद, संजय कुमार, तपन कर्मकार, एम. महेश, गंगा मोहन, रॉकी सिंह, विजय मंडल, सौरव, बीच्छा राव, राजेश मोहंती और संजय केसरी सहित कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

