
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र और उससे जुड़ा ऊपरी हवा का चक्रवात अब झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसका असर अगले दो दिनों तक राज्य के कई जिलों में देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने रांची, गुमला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, खूंटी और सरायकेला में कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को वज्रपात और आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
बुधवार को भी रांची समेत कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हुई। रांची में 5.8 मिमी, जमशेदपुर में 8.4 मिमी, चाईबासा में 4.1 मिमी और लातेहार में 12.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पश्चिम सिंहभूम के सोनुआ में सबसे ज्यादा 65.6 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि उसके बाद पारा करीब पांच डिग्री तक बढ़ सकता है। विभाग ने बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से परहेज करने की चेतावनी दी है।

