
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 3 में स्थित एक किराना दुकान से चावल और आटा की बोरियों की चोरी का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इस चोरी के मामले में भुक्तभोगी रिंकू प्रसाद हैं, जो बिरसानगर जोन नंबर 5 गिट्टी मशीन काली मंदिर के पास के रहने वाले हैं। रिंकू प्रसाद ने बिरसानगर थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बिरसानगर जोन नंबर 3 डी ब्लॉक निवासी लालू तंतुबाई को नामजद आरोपी बनाया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिरसानगर जोन नंबर वन बी झंडा चौक निवासी सुरज मार्डी (19 वर्ष) और लालू तंतुबाई शामिल हैं। सबसे पहले पुलिस ने लालू तंतुबाई को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसकी स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी सुरज मार्डी को भी दबोच लिया।
बताया गया है कि चोरी की यह घटना 24 जनवरी से 26 जनवरी के बीच की है। इस दौरान रिंकू प्रसाद ने अपनी किराना दुकान नहीं खोली थी। 30 जनवरी को जब उन्हें चोरी की जानकारी मिली, तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया।

