
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार देर रात पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाते हुए चार कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम की जिंदा गोली, 8 एमएम गोली और एक खोखा बरामद हुआ है. यह कार्रवाई उस समय की गई जब पुलिस दल ने गुप्त सूचना के आधार पर गया रोड के पास लया रोड की दाहिनी ओर स्थित जंगल में छापेमारी की. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी जंगल में इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष दल गठित किया गया. टीम ने जैसे ही जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, चार संदिग्ध युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान एक अभियुक्त के पास से गोली मिली, जबकि झाड़ियों में छिपाकर रखी गई देशी पिस्टल भी बरामद की गई, जिसमें से जिंदा गोली और खोखा अनलोड किया गया.
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रोहित लोहार उर्फ गॉड बाबा (22), गौरव गोस्वामी (24), सन्नी सिंह उर्फ श्रेष्ठ सिंह (25) और हिमांशु कुमार उर्फ किड्डू (23) के रूप में हुई है. पूछताछ में उन्होंने बताया कि हथियार उन्हें रिकू सेठ उर्फ सौरभ शर्मा ने दिया था. सौरभ अमरनाथ गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है और चोरी, रंगदारी, छिनतई, फायरिंग तथा हत्या के मामलों में जेल जा चुका है. उसने पुलिस दबाव के कारण हथियार जंगल में छिपाकर रखने और नई आपराधिक योजना बनाने के लिए अपने साथियों को भेजा था.
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनके खिलाफ गोविंदपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित गंभीर वारदात टल गई और स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है.

