
उदित वाणी जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में मिथिला समाज की अग्रणी संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद की ओर से बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में 14 और 15 मार्च को द्वि-दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों मैथिल परिवारों के शामिल होने की संभावना है. आयोजन का उद्देश्य मैथिली परंपरा, संस्कृति, लोक-गायन, भाषा और साहित्य का संरक्षण और संवर्धन करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत को पहचान सकें और उसे आगे बढ़ा सकें.
साहित्य और पुस्तकों के स्टॉल भी होंगे आकर्षण
कार्यक्रम में मैथिली साहित्य को बढ़ावा देने के लिए कई प्रसिद्ध लेखकों और कवियों की पुस्तकों के स्टॉल लगाए जाएंगे. इनमें महाकवि विद्यापति, लाल दास, चंदा झा, हरिमोहन झा, गोविंद दास, ज्योतिश्वर ठाकुर, सुभाष चंद्र यादव और मनमोहन झा जैसे प्रसिद्ध साहित्यकारों की रचनाएं उपलब्ध रहेंगी. परिषद का उद्देश्य है कि लोग मैथिली भाषा और साहित्य को पढ़ें और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार हो.
मिथिला व्यंजन और हस्तकला का आनंद मेला
आयोजन के दौरान मिथिलानी समूह द्वारा आनंद मेला का भी आयोजन किया जाएगा, जहां मिथिला के पारंपरिक व्यंजन और पकवानों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा. इसमें विशेष रूप से माछ और भात की व्यवस्था भी की गई है. इसके अलावा मिथिला की पहचान मानी जाने वाली हस्तकला और मिथिला पेंटिंग के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें सिक से बनी वस्तुएं, पेंटिंग युक्त वस्त्र, पाग, शॉल, साड़ी, धोती और गमछा जैसी पारंपरिक वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी.
प्रसिद्ध कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भगवती को समर्पित भाव नृत्य और भगवती वंदना की प्रस्तुति दी जाएगी. कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए मिथिलांचल के प्रसिद्ध मैथिली गायक कुंज बिहारी मिश्र, विकास झा और जुली झा को आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा प्रसिद्ध उदघोषक रामसेवक ठाकुर कार्यक्रम का संचालन करेंगे. शहर के कलाकारों में पंकज झा, मिथिलेश मिश्रा, दिव्य रत्न, किरण झा और शंकर नाथ झा सहित अन्य कलाकार दोनों दिनों अपनी प्रस्तुति देंगे.
मंच से दिया जाएगा “मिथिला गौरव सम्मान”
परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले बीस लोगों को “मिथिला गौरव सम्मान” और “मिथिला प्रतिभा सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम दोनों दिन शाम पांच बजे से प्रारंभ होगा. पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, समाजसेवी विकास सिंह और अमरप्रीत सिंह काले सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे. उन्होंने बताया कि पूरे कोल्हान क्षेत्र से करीब दस हजार लोगों के जुटने की संभावना है.
दूर-दराज के परिवारों के लिए बस सुविधा
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शहर के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मैथिल परिवारों के लिए परिषद की ओर से निशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराई गई है. गोविंदपुर, जेम्को, मोहरदा, बारीडीह बस्ती, बागबेड़ा, आदित्यपुर और गम्हरिया से बसें चलेंगी, जिससे लोग सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकें और वापस घर लौट सकें.
दो माह से चल रही तैयारियां
इस वृहद सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियां परिषद के कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा पिछले दो महीने से की जा रही हैं. कार्यक्रम के प्रचार के लिए 12 मार्च को गोपाल मैदान से प्रचार रथ भी रवाना किया गया, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम की जानकारी दे रहा है. आयोजन को सफल बनाने के लिए पंडाल निर्माण, स्वागत, मंच व्यवस्था, प्रशासन, कलाकार प्रबंधन, स्टॉल, प्रचार, आनंद मेला, भोजन, प्रेस, यातायात एवं पार्किंग, बिजली-पानी और चंदा समिति सहित कई समितियों का गठन किया गया है.
आयोजन को सफल बनाने में इनका योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, महासचिव धर्मेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष रंजीत झा, सहायक महासचिव राजेंद्र कुमार कर्ण, शिवचंद्र झा, उपाध्यक्ष कैलाश झा, पंकज कुमार राय, अनिल कुमार झा, आकाश चंद्र मिश्र, संयुक्त सचिव पंडित विपिन झा, गोपाल जी चौधरी, गोपाल चंद्र झा, प्रेस प्रवक्ता राजेश झा सिदगोड़ा सहित कार्यकारिणी के कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.

