
उदित वाणी, जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। गोलमुरी स्थित एन टी टी एफ के हॉस्टल में रह रहे एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान आदित्य सिंह के रूप में हुई है, जो मेगाट्रॉनिक्स ब्रांच में अध्ययनरत था। वह मूल रूप से बिहार के छपरा का निवासी बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के कमरे को सील कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
हॉस्टल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है और छात्रों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे हॉस्टल परिसर में शोक और स्तब्धता का माहौल है। सहपाठी इस घटना से गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

