
उदित वाणी, जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय ने शनिवार को जिला नियंत्रण कक्ष, सी-विजिल (cVIGIL) कंट्रोल रूम एवं एमसीएमसी (Media Certification and Monitoring Committee) कोषांग का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान दोनों पदाधिकारियों ने प्रतिनियुक्त कर्मियों से निर्वाचन संबंधी शिकायतों के प्राप्ति, पंजीकरण एवं त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत या सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया जाए और समयबद्ध प्रतिवेदन प्राप्त किया जाए.
सी-विजिल कंट्रोल रूम की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि नागरिकों द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज की गई शिकायतों को गंभीरता से लें, उनका शीघ्र सत्यापन कर उचित कार्रवाई की रिपोर्ट अपलोड करें. उन्होंने आमजन को इस ऐप के उपयोग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया, ताकि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाई जा सके.
एमसीएमसी कोषांग के निरीक्षण में उपायुक्त ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित / प्रसारित राजनीतिक सामग्री पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना प्रमाणीकरण के किसी भी राजनीतिक विज्ञापन का प्रकाशन या प्रसारण नहीं होना चाहिए. साथ ही, सभी शिकायतों और अनुमोदन से संबंधित अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने को कहा.
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह, डीएसपी सीसीआर, सहायक प्रभारी पदाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष श्रीमती अल्का पन्ना, श्री सुजीत बारी, सहायक प्रभारी पदाधिकारी मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग श्री अंकित कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

